Haryana Board (HBSE) Class 8 Hindi Question Paper 2026 Answer Key
निर्देश :
• सभी प्रश्न अनिवार्य हैं।
• प्रश्न संख्या 1 से 15 प्रत्येक 1 अंक का है।
• प्रश्न संख्या 16 से 21 प्रत्येक 2 अंक का है।
• प्रश्न संख्या 22 से 27 प्रत्येक 3 अंक का है।
• प्रश्न संख्या 28 से 30 प्रत्येक 5 अंक का है।
1. निम्नलिखित वाक्य में से कौन-सा रेखांकित शब्द क्रियाविशेषण है?
(क) तुम इस कविता को पढ़ लो
(ख) कल तुम अवश्य मिल सकते हो
(ग) रवि, तुम मुझ पर विश्वास कर सकते हो
(घ) कल तुम पिताजी से मिलने एकाएक आ जाना
उत्तर – (घ) कल तुम पिताजी से मिलने एकाएक आ जाना
(इस वाक्य में “एकाएक” शब्द क्रियाविशेषण है)
2. रिक्त स्थान के लिए सही विकल्प चुनकर इच्छावाचक वाक्य बनाइए :
नववर्ष सबके लिए …………।
(क) ढेरों खुशियाँ लाए
(ख) ढेरों खुशियाँ लाएगा
(ग) ढेरों खुशियाँ नहीं लाएगा
(घ) ढेरों खुशियाँ ला रहा होगा
उत्तर – (क) ढेरों खुशियाँ लाए
3. नेता जी के साथ सभी लोगों ने भारत माता का आह्वान किया।
संदर्भ के अनुसार रेखांकित शब्द का अर्थ ………….. है।
(क) समझाना
(ख) चुनौती देना
(ग) पुकारना
(घ) आज्ञा देना
उत्तर – (ग) पुकारना
4. ‘द् + व = द्व’ संयुक्त व्यंजन के प्रयोग से द्वार शब्द बना है। इनमें से किस विकल्प में दोनों शब्द संयुक्त व्यंजन वाले है।
(क) नायिका, डाकिया
(ख) साधन, पत्रिका
(ग) महात्मा, प्रयोग
(घ) मित्र, यज्ञ
उत्तर – (घ) मित्र, यज्ञ
5. किस विकल्प में ‘इका’ जोड़ने से वह स्त्रीलिंग शब्द नहीं बनेगा?
(क) अध्यापक
(ख) लेखक
(ग) गायक
(घ) कवि
उत्तर – (घ) कवि
नीचे दिए गए अपठित गद्यांश को पढ़े और प्रश्नों के उत्तर दें :
डाक टिकटों के संग्रह से कुछ न कुछ ज्ञान प्राप्त होता है और मज़ा भी आता है। डाक-टिकट पत्र-मित्रता बढ़ाने के साथ-साथ किसी-न-किसी विषय की जानकारी ज़रूर देते हैं।
इसके द्वारा प्राप्त ज्ञान हमें मनोरंजन के माध्यम से मिलता है इसलिए इन्हें शिक्षा का मनोरंजक साधन भी माना गया है। डाक टिकटों का एक संग्रह विश्वकोश की तरह है, जिसके द्वारा हम अनेक देशों के इतिहास, भूगोल, संस्कृति, भाषाएँ, पशु-पक्षी आदि के बारे में बहुत सारी जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।
17 अक्टूबर 2001 को भारत के (29) डाकतार विभाग ने एक बड़े और एक छोटे टिकट की जोड़ियों में चार तरह के टिकट जारी किए थे जो पंचतंत्र की कथाओं पर आधारित थे। इसके साथ ही प्रथम दिवस आवरण भी जारी किया गया था, जिस पर ये चारों टिकट चिपकाए गए थे और कहानी से संबंधित जानकारी भी दी गई थी। इनमें बनाए गए चित्र पंचतंत्र की जिन चार कहानियों पर आधारित थे वे हैं- बंदर और मगरमच्छ, कछुआ और हंस, कौए और सर्प तथा सिंह और खरगोश। चार रुपये मूल्य वाले इन सभी टिकटों पर इनका मूल्य और प्रकाशन वर्ष अंकित किया गया था। कहानी का शीर्षक तथा देश का नाम हिंदी तथा अंग्रेज़ी दोनों भाषाओं में दोनों टिकटों पर अंकित किए गए थे।
डाक टिकट संग्रह हर उम्र के लोगों का मन लगाए रखता है। पुरानी टिकटें बहुत कीमती होती हैं, जिन्हें बेचकर अच्छा खासा धन कमाया जा सकता है। शायद इसीलिए डाक टिकटों का संग्रह विश्व के सबसे लोकप्रिय शौक में से एक है।
प्रश्न :
6. टिकटों के साथ प्रथम-दिवस आवरण किसलिए निकाला जाता है? निम्न में से सही विकल्प चुनकर लिखें।
(क) टिकटों के विषय की जानकारी देने के लिए
(ख) टिकटों का प्रकाशन वर्ष याद रखने के लिए
(ग) टिकटों को सुरक्षित रूप से रखने के लिए
(घ) टिकटों के सुन्दर चित्र याद रखने के लिए
उत्तर – (क) टिकटों के विषय की जानकारी देने के लिए
7. डाक-टिकटों के संग्रह को विश्व का सबसे लोकप्रिय शौक कहा गया है, क्योंकि ……………।
(क) इनका संग्रह हमारे कई नए संबंध बनाता है
(ख) इनका संग्रह मनोरंजन के साथ पैसा भी देता है
(ग) इनका संग्रह सुन्दर और देखने लायक भी होता है
(घ) इनका संग्रह करने से सब पर अच्छा प्रभाव पड़ता है
उत्तर – (ख) इनका संग्रह मनोरंजन के साथ पैसा भी देता है
8. डाक-टिकटों को शिक्षा का मनोरंजक साधन भी माना गया है, क्योंकि ………….।
(क) इनके द्वारा देश-विदेश में कई दोस्त बनाए जा सकते हैं
(ख) इनसे छात्रों को कई महत्त्वपूर्ण बातें पता लगती हैं
(ग) इनसे सबको जानवरों के बारे में पता लगता है
(घ) इनके सुन्दर चित्र सबका मनोरंजन करते हैं
उत्तर – (ख) इनसे छात्रों को कई महत्त्वपूर्ण बातें पता लगती हैं
9. “डाकतार विभाग ने एक बड़े और एक छोटे टिकट की जोड़ियों में चार तरह के टिकट जारी किए थे।”
इस वाक्य के आधार पर बताइए कि कुल कितने टिकट पंचतंत्र की कहानियों पर निकाले गए थे?
(क) दो
(ख) चार
(ग) पाँच
(घ) आठ
उत्तर – (घ) आठ
10. कीमत और छापने के वर्ष के अतिरिक्त इन टिकटों पर अन्य क्या जानकारी दी गई थी?
(क) केवल देश का नाम
(ख) केवल कहानी का नाम
(ग) कहानी और देश का नाम
(घ) कहानी और लेखक का नाम
उत्तर – (ग) कहानी और देश का नाम
11. उपयुक्त शब्द चुनकर रिक्त स्थान भरें :
मनुष्य को ………. त्याग कर ……….. से काम लेना चाहिए। (विनम्रता, सफलता, अभिमान, सम्मान)
उत्तर – अभिमान, विनम्रता
12. ‘टोपी’ पाठ के आधार पर निम्नलिखित प्रश्न का उत्तर दीजिए :
गौरैया की बहस राजा से नहीं हुई थी फिर भी वह अपनी टोपी दिखाने राजा के पास क्यों गई?
उत्तर – टोपी पहनकर गौरैया (गवरइया) राजा को दिखाने इसलिए पहुंची क्योंकि राज्य में सारे काम उसी के लिए हो रहे थे।
13. ‘बस की यात्रा’ पाठ का केंद्रीय भाव लिखिए।
उत्तर – हरिशंकर परसाई द्वारा रचित ‘बस की यात्रा’ एक व्यंग्यात्मक पाठ है, जो निजी बस मालिकों की लालची प्रवृत्ति और पुरानी बसों की दयनीय हालत को उजागर करता है।
14. मनुष्य को उसके कौन से दोष विनाश की ओर ले जाते हैं। उदहारण सहित उत्तर दें।
उत्तर – मनुष्य के अहंकार, लोभ और क्रोध जैसे दोष उसे विनाश की ओर ले जाते हैं। उदाहरण के लिए, रावण अत्यंत विद्वान और शक्तिशाली था, लेकिन उसके अहंकार और लोभ ने उसे विनाश की ओर पहुँचा दिया।
15. ‘जब सिनेमा ने बोलना सीखा’ पाठ के आधार पर निम्नलिखित प्रश्न का उत्तर दीजिए :
यदि ‘आलम आरा’ फिल्म न बनी होती, तो भारतीय सिनेमा में …………. (सवाक् / अवाक्) युग की शुरुआत में देर होती और …………. (हिंदी / संस्कृत) भाषा इतनी जल्दी लोकप्रिय न हो पाती।
उत्तर – सवाक्, हिंदी
16. अपने से बड़ों के प्रति आदर या सम्मान प्रकट करने के लिए एकवचन के स्थान पर बहुवचन का प्रयोग किया जाता है। कोई दो उदाहरण देकर उत्तर स्पष्ट कीजिए।
उत्तर – (i) पिताजी दफ्तर से आ गए हैं।
यहाँ ‘पिताजी’ एक ही व्यक्ति हैं, लेकिन सम्मान प्रकट करने के लिए ‘आ गया है’ के स्थान पर ‘आ गए हैं’ (बहुवचन क्रिया) का प्रयोग किया गया है।
(ii) अध्यापक कक्षा में पढ़ा रहे हैं।
यहाँ ‘अध्यापक’ एक ही व्यक्ति हैं, फिर भी आदर प्रकट करने के लिए ‘पढ़ा रहा है’ के स्थान पर ‘पढ़ा रहे हैं’ का प्रयोग किया गया है।
17. उचित विराम चिह्नों का प्रयोग करके वाक्य पुनः लिखिए :
(क) आपका दिन कैसा रहा
उत्तर – आपका दिन कैसा रहा?
(ख) मामा जी मेरे लिए पेंसिल पुस्तकें फुटबॉल और मिठाई लाए
उत्तर – मामा जी मेरे लिए पेंसिल, पुस्तकें, फुटबॉल और मिठाई लाए।
18. लिपि किसे कहते हैं? दो भाषाओं का नाम बताइए जिनमें देवनागिरी लिपि का उपयोग किया जाता है।
उत्तर – भाषा को लिखने के लिए जिन चिन्हों या अक्षरों का प्रयोग किया जाता है, उन्हें लिपि कहते हैं।
देवनागरी लिपि का प्रयोग हिंदी और संस्कृत भाषाओं में किया जाता है।
19. ‘दीवानों की हस्ती’ कविता में कवि ने दीवाने किसे और क्यों कहा है?
उत्तर – ‘दीवानों की हस्ती’ कविता में कवि ने अपने आप को दीवाना कहा है क्योंकि वह मस्तमौला है। उसे किसी बात की फिक्र नहीं है। वह अपनी मस्ती में ही बिना किसी मंज़िल के आगे बढ़ा चला जा रहा है।
20. उपसर्ग की परिभाषा लिखकर ‘आगमन’ और ‘उपहार’ शब्दों में प्रयुक्त उपसर्ग तथा मूल शब्द लिखिए।
उत्तर – जो शब्दांश किसी शब्द के आरम्भ में लगकर उसके अर्थ में परिवर्तन कर देता है, उसे उपसर्ग कहते हैं।
आगमन = आ + गमन
उपहार = उप + हार
21. निम्नलिखित शब्दों में प्रत्यय लगाकर नए शब्दों का निर्माण करें :
(क) झगड़ा
उत्तर – झगड़ा + आलू = झगड़ालू
(ख) समाज
उत्तर – समाज + इक = सामाजिक
22. निम्नलिखित लोकोक्तियों के अर्थ लिखकर वाक्य निर्माण कीजिए :
(क) अंधों में काना राजा
उत्तर – गुणहीन या अयोग्य लोगों के बीच थोड़ा गुण या ज्ञान रखने वाला व्यक्ति भी श्रेष्ठ माना जाता है।
हमारे गाँव में कोई अधिक पढ़ा-लिखा नहीं है, इसलिए आठवीं पास सोहन ही सबका सलाहकार बना रहता है।
(ख) चोर की दाढ़ी में तिनका
उत्तर – दोषी व्यक्ति हमेशा डरा रहता है और अपने व्यवहार से स्वयं को अपराधी प्रकट कर देता है।
जब अध्यापक ने टूटे गमले के बारे में पूछा तो रोहित बिना पूछे ही सफाई देने लगा, तब सब समझ गए कि चोर की दाढ़ी में तिनका।
23. ‘मशीनी युग ने कितने हाथ काट दिए हैं।’ इस पंक्ति में लेखक ने किस व्यथा की ओर संकेत किया है?
उत्तर – लेखक ने उन कारीगरों की तरफ़ संकेत किया है जो हाथ से बनी वस्तुओं से अपना जीवनयापन करते हैं। आज के मशीनी युग ने उन कारीगरों के हाथ काटकर मानों उनकी रोटी ही छीन ली है। उन कारीगरों का रोजगार इन पैतृक काम धन्धों से ही चलता था। उसके अलावा उन्होंने कभी कुछ नहीं सीखा था।
24. गाँव में रहने वाले लोगों के लिए डाक और पत्रों का क्या महत्त्व है? ‘चिट्ठियों की अनूठी दुनिया’ पाठ के आधार पर उत्तर दीजिए।
उत्तर – गाँव में रहने वाले लोगों के लिए डाक और पत्रों का बहुत अधिक महत्त्व होता है। इनके माध्यम से वे अपने दूर रहने वाले रिश्तेदारों और मित्रों का हाल-चाल जान पाते हैं। पहले के समय में समाचार, सुख-दुख की बातें और आवश्यक जानकारी पहुँचाने का मुख्य साधन पत्र ही थे। इसलिए गाँव के लोग डाकिए का बेसब्री से इंतज़ार करते थे और चिट्ठियाँ उनके लिए खुशी और समाचार लेकर आती थीं।
25. चिड़िया चोंच में तिनका दबाकर उड़ने की तैयारी में क्यों है? वह तिनकों का क्या करती होगी?
उत्तर – सूरज डूबने का समय हो चुका है इसके डूबने से पहले चिड़िया अपने लिए घोंसला बनाना चाहती है। इसलिए चिड़िया अपनी चोंच में तिनका दबाकर उड़ने की तैयारी में है। वह तिनके से अपने घोंसले को मजबूत करती होगी या उस तिनके से अपने और अपने परिवार के लिए नया घोंसला बनाती होगी।
26. ‘कबीर की साखी’ के अनुसार किस प्रकार के लोगों के दुश्मन नहीं होते? अपने विचार व्यक्त करें।
उत्तर – ‘कबीर की साखी’ के अनुसार जिन लोगों का मन शांत, शीतल और अहंकार से मुक्त होता है, उनके कोई दुश्मन नहीं होते। जो व्यक्ति स्वार्थ, क्रोध और घमंड का त्याग कर सबके प्रति प्रेम और दया का भाव रखते हैं, वे किसी को अपना विरोधी नहीं बनाते।
मेरे विचार से जब मनुष्य अहंकार छोड़कर सभी के साथ मधुर और दयालु व्यवहार करता है, तो समाज में प्रेम और भाईचारा बढ़ता है और उसके दुश्मन नहीं बनते।
27. ‘लाख की चूड़ियाँ’ पाठ के आधार पर बदलू के व्यक्तित्व के किन्हीं तीन गुणों के बारे में वर्णन करें।
उत्तर – (i) वह कला के प्रति समर्पित और मेहनती था। वह लाख की चूड़ियाँ बड़े मन से और बहुत सफाई से बनाता था, इसलिए उसकी चूड़ियों की दूर-दूर तक माँग थी।
(ii) वह स्वाभिमानी और सिद्धांतों का पक्का था। काँच की चूड़ियों के कारण काम कम होने पर भी उसने अपनी चूड़ियों के दाम कम नहीं किए और अपने उसूलों से समझौता नहीं किया।
(iii) वह सरल और स्नेही स्वभाव का व्यक्ति था। वह बच्चों से बहुत प्रेम करता था और उनके लिए लाख की रंग-बिरंगी गोलियाँ भी बनाता था।
28. साइकिल की वजह से बसों के इंतज़ार में व्यय होने वाला उनका समय बच जाता है। खराब परिवहन व्यवस्था वाले स्थानों के लिए तो यह बहुत महत्त्वपूर्ण है। दूसरे, इससे इन्हें इतना समय मिल जाता है कि ये अपने सामान बेचने पर ज्यादा ध्यान केंद्रित कर पाते हैं। तीसरे, इससे ये और अधिक इलाकों में जा पाती हैं। अंतिम बात यह है कि अगर आप चाहें तो इससे आराम करने का काफी समय मिल जाता है।
प्रश्न :
(क) पाठ एवं लेखक का नाम बताइए।
उत्तर – पाठ : जहाँ पहिया है, लेखक : पालगम्मी साईनाथ
(ख) महिलाओं को साइकिल चलाने से क्या लाभ हुआ?
उत्तर – महिलाओं को साइकिल चलाने से शारीरिक व्यायाम, गतिशीलता और स्वतंत्रता का लाभ होता है।
(ग) सामान बेचने में साइकिल चलाना कैसे सहायक सिद्ध हुआ?
उत्तर – सामान बेचने में साइकिल चलाने से महिलाओं को स्वतंत्र रूप से अधिक इलाकों में जाने की सुविधा मिलती है, जिससे उनकी बिक्री में वृद्धि होती है।
(घ) साइकिल चलाने और आराम करने में क्या संबंध है?
उत्तर – साइकिल चलाने से आराम करने का संबंध होता है, क्योंकि यह लोगों को बसों के इंतज़ार में व्यय होने वाला समय बचाता है।
(ङ) ‘समय’ शब्द के कम-से-कम दो पर्यायवाची शब्द बताइए।
उत्तर – काल, अवधि
29. निम्नलिखित विषय पर दिए गए संकेत बिंदुओं के आधार पर निबंध लिखिए।
– समय का महत्त्व
– समय का महत्त्व व सदुपयोग
– समय पर काम न करने की हानियाँ
– समय पर काम करने के लाभ
– उपसंहार
उत्तर – विवेकानुसार स्वयं करे।
30. बीमारी के लिए अवकाश हेतु मुख्याध्यापक को प्रार्थना पत्र लिखें।
उत्तर –
सेवा में,
श्रीमान मुख्याध्यापक महोदय,
राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, भिवानी
विषय : बीमारी के कारण अवकाश प्रदान करने हेतु प्रार्थना पत्र।
महोदय,
सविनय निवेदन है कि मैं आपके विद्यालय की कक्षा 8 का छात्र हूँ। मुझे अचानक तेज बुखार और सिरदर्द हो गया है। डॉक्टर को दिखाने पर उन्होंने मुझे कुछ दिनों तक पूर्ण विश्राम करने की सलाह दी है। इसी कारण मैं विद्यालय आने में असमर्थ हूँ और अपनी नियमित कक्षाओं में उपस्थित नहीं हो पा रहा हूँ।
अतः आपसे विनम्र प्रार्थना है कि कृपया मुझे दिनांक 11 मार्च से 14 मार्च तक चार दिनों का अवकाश प्रदान करने की कृपा करें। मैं स्वस्थ होने के बाद विद्यालय आकर अपनी छूटी हुई पढ़ाई शीघ्र ही पूरी कर लूँगा।
इसके लिए मैं आपका सदैव आभारी रहूँगा।
धन्यवाद।
आपका आज्ञाकारी छात्र
रोहित कुमार
कक्षा 8
अनुक्रमांक 12
दिनांक :