HBSE Class 12 Hindi SAT-1 Question Paper 2025 Answer Key

Haryana Board (HBSE) Class 12 Hindi SAT-1 Question Paper 2025 Answer Key

1. निम्नलिखित गद्यांश को पढ़कर इस पर आधारित प्रश्नों के उत्तर दीजिए : (1 × 5 = 5 अंक)
‘साहित्य का आधार जीवन है। इसी आधार पर साहित्य की दीवार खड़ी है। उसकी अटारिया, मीनार और मकान बने हुए हैं, लेकिन बुनियाद मिट्टी के नीचे दबी पड़ी है। जीवन परमात्मा की सृष्टि है, इसलिए सुबोध है, सुगम है और मर्यादाओं से परिमित है। जीवन परमात्मा को अपने कामों का जवाबदेह है या नहीं, हमें मालूम नहीं, लेकिन साहित्य मनुष्य के सामने जवाबदेह है। इसके लिए कानून है, जिनसे वह इधर-उधर नहीं जा सकता। मनुष्य जीवन पर्यंत आनन्द की खोज में लगा रहता है। किसी को यह रत्न द्रव्य के रूप मिलता है, किसी को भरे-पूरे परिवार में, किसी को लंबे-चौड़े भवन में, किसी को ऐश्वर्य में, लेकिन साहित्य का आनन्द इस आनन्द से ऊँचा है। इसका आधार सुन्दर और सत्य है। वास्तव में सच्चा आनन्द सुन्दर और सत्य से मिलता है, उसी आनंद को दर्शाना, वही आनन्द उत्पन्न करना साहित्य का उ‌द्देश्य है।
प्रश्न :
(i) साहित्य और जीवन में गहरा संबंध है क्योंकि-
(क) जीवन का मुख्य आधार साहित्य है
(ख) साहित्य जीवन की मजबूत दीवार है
(ग) साहित्य का आधार जीवन है
(घ) साहित्य का आनन्द जीवन से ऊँचा है
उत्तर – (ग) साहित्य का आधार जीवन है

(ii) मनुष्य किसकी खोज में जीवन भर लगा रहता है?
(क) परमात्मा की
(ख) आनन्द की
(ग) साहित्य की
(घ) ऐश्वर्य को पाने की
उत्तर – (ख) आनन्द की

(iii) साहित्य के आनन्द का आधार है :
(क) सुन्दर और सत्य को पाना
(ख) जीवन
(ग) रत्न और ऐश्वर्य पाना
(घ) परमात्मा
उत्तर – (क) सुन्दर और सत्य को पाना

(iv) परिमिति का अर्थ है :
(क) सीमित
(ख) दबा हुआ
(ग) विस्तृत
(घ) फंसा हुआ
उत्तर – (क) सीमित

(v) साहित्य किसके सामने जवाबदेह है?
(क) परमात्मा के
(ख) जीवन के
(ग) मनुष्य के
(घ) परिवार के
उत्तर – (ग) मनुष्य के

2. आरोह भाग-2 (काव्य-खण्ड) पर आधारित निम्नलिखित बहुविकल्पीय प्रश्नों के उत्तर दीजिए : (1 × 3 = 3 अंक)
(i) ‘पतंग’ कविता में ‘कपास’ किसका प्रतीक है ?
(क) प्रकाश का
(ख) कोमलता का
(ग) शांति का
(घ) सफेदी का
उत्तर – (ख) कोमलता का

(ii) सीधी बात भी किसके चक्कर में फँस गई?
(क) बु‌द्धि के
(ख) स्वरों के
(ग) भाषा के
(घ) ताल के
उत्तर – (ग) भाषा के

(iii) ‘हो जाए न पथ में रात कही’ सोचकर कौन जल्दी-जल्दी चलता हैं?
(क) कबूतर
(ख) चिड़िया
(ग) चिड़िया को बच्चे
(घ) पंथी
उत्तर – (घ) पंथी

3. आरोह भाग-2 (गद्य-खण्ड) पर आधारित निम्नलिखित बहुविकल्पीय प्रश्नों के उत्तर दीजिए : (1 × 2 = 2 अंक)
(i) लेखक बचपन में किस सभा का उपमंत्री था?
(क) समाज-सुधार
(ख) देवा निर्माण
(ग) नव निर्माण
(घ) कुमार-सुधार
उत्तर – (घ) कुमार-सुधार

(ii) भक्तिन कहाँ की रहने वाली थी?
(क) झूसी
(ख) हँडिया
(ग) लूसी
(घ) मूंसी
उत्तर – (क) झूसी

4. ‘अभिव्यक्ति एवं माध्यम’ पाठ्य पुस्तक पर आधारित निम्नलिखित बहुविकल्पीय प्रश्नों के उत्तर दीजिए : (1 × 2 = 2 अंक)
(i) भारत में इंटनेट पत्रकारिता करने वाली पहली वेबसाइट है :
(क) रीडिक डॉटकॉम (Rediff.com)
(ख) सीबी
(ग) इंडिया इंमोलाइन
(घ) तहलका डॉटकॉम
उत्तर – (क) रीडिक डॉटकॉम (Rediff.com)

(ii) समाचार लेखन के कितने ककार होते है?
(क) चार
(ख) पाँच
(ग) दो
(घ) छः
उत्तर – (घ) छ: (क्या, कब, कौन, कहाँ, क्यों, कैसे)

5. व्याकरण पर आधारित निम्नलिखित बहुविकल्पीय प्रश्नों के उत्तर दीजिए : (1 × 3 = 3 अंक)
(i) ‘दिगम्बर’ का संधि-विच्छेद है :
(क) दिक + अम्बर
(ख) दिक् + अम्बर
(ग) दिग + अम्बर
(घ) दिग + म्बर
उत्तर – (ख) दिक् + अम्बर (व्यंजन संधि)

(ii) ‘चौराहा’ में कौन-सा समास है?
(क) अव्ययीभाव
(ख) द्वंद्व समास
(ग) द्विगु समास
(घ) तत्पुरुष समास
उत्तर – (ग) द्विगु समास (चार राहों का समूह)

(iii) स्वर संधि के कितने भेद होते हैं?
(क) 5
(ख) 2
(ग) 4
(घ) 3
उत्तर – (क) 5

6. निम्नलिखित पंद्याश को पढ़कर सम्बंधित प्रश्नों के उचित उत्तर दीजिए : (5 अंक)
बच्चे प्रत्याशा में होंगे,
नीड़ों से झांक रहे होंगे
यह ध्यान परों में चिड़ियों के भरता कितनी चंचलता है।
दिन जल्दी-जल्दी ढलता है।
प्रश्न :
(क) कवि और कविता का नाम लिखिए।
उत्तर : कवि – हरिवंशराय बच्चन, कविता – दिन जल्दी-जल्दी ढलता है

(ख) बच्चे किस आशा से नीड़ों से बाहर झांक रहे होगे?
उत्तर – प्रत्याशा में

(ग) चिड़ियों के घोंसलों से किस दृश्य की कल्पना की गई है?
उत्तर – उतावलेपन के दृश्य की

(घ) चिड़ियों के पंखों में चंचलता क्यों उत्पन्न हो जाती है?
उत्तर – माता के इंतजार में

(ङ) चिड़ियों को क्यों लगता है कि दिन जल्दी-जल्दी ढल रहा है?
उत्तर – बहुत देर हो गई है, मां नहीं आई।

अथवा

7. आरोह भाग-2 (काव्य-खण्ड) पर आधारित निम्नलिखित प्रश्नों के उत्तर दिए गए अंकों के अनुसार उपयुक्त शब्दों में दीजिए : (3 + 2 = 5 अंक)
(क) ‘बात सीधी थी’ कविता का मूल भाव स्पष्ट करें।
उत्तर – ‘बात सीधी थी’ कविता का मूल भाव यह है कि जीवन में सीधी बातों का अहमियत होता है। जीवन में कुछ बातें अपने आप सीधी हो जाती हैं, जो हमें उनके महत्व को समझने के लिए प्रेरित करती हैं। कविता में इस बात को दर्शाया गया है कि हमें सीधी बातों को धैर्य से समझना चाहिए और सच्चाई से कभी नहीं भागना चाहिए।

(ख) ‘पतंग’ कविता का मूलभाव स्पष्ट कीजिए।
उत्तर – ‘पतंग’ आलोक धन्वा द्वारा रचित कविता है, जिसमें कवि ने बाल-सुलभ इच्छाओं एवं उमंगों का सुंदर एवं सजीव चित्रण किया है। उन्होंने बाल क्रियाकलापों एवं प्रकृति में आए परिवर्तनों को सहज भाव से अभिव्यक्त किया है। पतंग बच्चों की उमंगों का रंग-बिरंगा सपना है जो आसमान में उड़ता है, जिसे बालमन छूना चाहता है। बच्चे उमंग में झूमकर आसमान को पार कर जाना चाहते हैं।

8. निम्नलिखित गद्यांश की सप्रसंग व्याख्या कीजिए : (5 अंक)
अपना स्वार्थ आज एकमात्र लक्ष्य रह गया है। हम चटखारे लेकर इसके या उसके भ्रष्टाचार की बातें करते हैं पर क्या कभी हमने जाँचा है कि अपने स्तर पर अपने दायरे में हम उसी भ्रष्टाचार के अंग तो नहीं बन रहे हैं ? काले मेघा दल के दल उमड़ते हैं, पानी झमाझम बरसता है, पर गगरी फूटी की फूटी रह जाती है, बैल पियासे के पियासे रह जाते हैं ?
उत्तर : प्रसंग – प्रस्तुत गद्यांश लेखक ‘धर्मवीर भारती’ द्वारा लिखित पाठ ‘काले मेघा पानी दे’ से लिया गया है। लेखक देशवासियों को देश के प्रति उनके कर्तव्यों का स्मरण करा रहा है।
• व्याख्या – लेखक कहते है कि लोग स्वयं को बड़े ईमानदार समझते हुए दूसरों के दुर्गुणों का बखान किया करते हैं। इस काम में उन्हें बड़ा रस आता है। किस-किस ने क्या-क्या भ्रष्टाचार और घोटाले किये हैं यह तो हमें पता है पर हम अपने भीतर झाँक कर नहीं देखते कि कहीं वे स्वयं भी तो इस भ्रष्टाचार में सहायक नहीं हैं। हम सभी जाने-अनजाने इस भ्रष्ट आचरण को बढ़ावा दे रहे हैं। यही कारण है कि देश पूरी गति से आगे नहीं बढ़ पा रहा है। अनेक योजनाएँ बनती हैं। लाखों-करोड़ों की धनराशि व्यय होती है लेकिन जनता के हाथ कुछ नहीं पड़ता। उसकी झोली तो खाली की खाली ही रह जाती है। मेघ खूब बरसते हैं पर जनता के दुर्भाग्य की फूटी गगरी रीती की रीती रह जाती है। इतनी वर्षा में भी बैल बेचारे प्यासे रह जाते हैं।

अथवा

9. आरोह भाग-2 (गद्य-खण्ड) पर आधारित निम्नलिखित प्रश्नों के उत्तर दिए गए अंकों के अनुसार उपयुक्त शब्दों में दीजिए : (3 + 2 = 5 अंक)
(क) ‘बाजार के जादू’ का संक्षिप्त वर्णन करें।
उत्तर – बाजार ग्राहक को आकर्षित करता है। वहाँ सुन्दर ढंग से सजी चीजों को देखकर मनुष्य उनको खरीदने के लिए मजबूर हो जाता है। यह जादू उन पर प्रभाव डालता है जिनको अपनी आवश्यकताओं का पता नहीं होता और जेब में खूब पैसा होता है। बाजार जाकर वे जो अच्छा लगता है उसे खरीद लेते हैं। यह नहीं देखते कि उनको उसकी जरूरत है या नहीं। वे फिजूलखर्ची करते हैं। इस जादू के उतरने पर उनको पता चलता है कि ज्यादा चीजें सुख नहीं देतीं बल्कि उसमें बाधा डालती हैं।

(ख) भक्तिन के चरित्र की किन्हीं तीन विशेषताओं का उल्लेख कीजिए।
उत्तर – भक्तिन अधेड़ उम्र की महिला है। उसका कद छोटा व शरीर दुबला-पतला है। उसके होंठ पतले हैं तथा आँखें छोटी हैं। भक्तिन बेहद स्वाभिमानिनी और कर्मठ महिला है। भक्तिन में सच्चे सेवक के सभी गुण हैं।

10. ‘अभिव्यक्ति एवं माध्यम’ पाठ्य पुस्तक पर आधारित निम्नलिखित प्रश्नों के उत्तर दीजिए। (5 अंक)
समाचार कैसे लिखा जाता है? स्पष्ट कीजिए।
उत्तर – समाचार का मुख्य कार्य पाठकों को सूचना देना होता है। समाचार को हमेशा उल्टा पिरामिड शैली में ही लिखा जाता है। ताकि यह पढ़ने वाले को घटना का पूरा विवरण आसानी से प्रस्तुत कर सकें। समाचार लिखते समय भाषा को भी सरल और सहज रखा जाता है ताकि पाठकों को यह सब आसानी से समझ में आ जाए। आमतौर पर समाचार-पत्रों में समाचार पूर्णकालिक और अंशकालिक पत्रकार लिखते हैं, जिन्हें संवाददाता या रिपोर्टर भी कहते हैं। समाचार लिखते समय पत्रकार अपने विचार, भावनाएं और दृष्टिकोण को व्यक्त नहीं कर सकता। समाचार पूर्णतः तथ्यों पर आधारित होता है।

अथवा

11. (क) फ्रीलांसर पत्रकार किसे कहते हैं? (3 अंक)
उत्तर – पत्रकार लेखन का वह प्रकार जिसमें एक पत्रकार स्वतंत्र रूप से भुगतान के आधार पर विभिन्न समाचार पत्रों के लिए लेख लिखता है, फ्रीलांसर पत्रकार कहलाता है।

(ख) उल्टा पिरामिड शैली को कितने हिस्सों में बाँटा जाता है? नाम भी लिखिए। (2 अंक)
उत्तर – उल्टा पिरामिड शैली को तीन हिस्सों में बाँटा जाता है : इंट्रो या मुखड़ा, बॉडी, समापन।

12. ‘वितान भाग-2’ के आधार पर निम्नलिखित प्रश्नों के उत्तर दीजिए : (2 + 2 = 4 अंक)
(क) ‘सिल्वर वैडिंग’ कहानी का उद्देश्य स्पष्ट कीजिए।
उत्तर – ‘सिल्वर वैडिंग’ कहानी की मूल संवेदना दो पीढ़ियों के बीच के अंतराल को स्पष्ट करना है। यशोधर बाबू पुरानी पीढ़ी के आदर्शो और मूल्यों से जुड़े हैं जबकि उनके बेटे नई पीढ़ी के अनुसार जीने मैं विश्वास रखते हैं। लेखक ने इस कहानी में दोनों पीढ़ियों के अंतर को कुशलतापूर्वक अभिव्यक्त किया है।

(ख) ‘सिल्वर वैडिंग’ पार्टी में यशोधर बाबा ने केक एवं लड्डू क्यों नहीं खाए?
उत्तर – यशोधर बाबू ने केक इसलिए नहीं खाया क्योंकि उन्हें केक पसंद नहीं था। केक में अंडा होता था जबकि यशोधर बाबू शाकाहारी प्रवृत्ति के व्यक्ति थे। वे केक काटना पसंद नही करते थे और ना ही उन्हें विदेशी तरीके से जन्मदिन मनाना पसंद था।

13. गुण-संधि किसे कहते हैं? उदाहरण सहित स्पष्ट करो। (2 अंक)
उत्तर – जब संधि करते समय (अ,आ) के साथ (इ,ई) हो तो ‘ए’ बनता है, जब (अ,आ) के साथ (उ,ऊ) हो, तो ‘ओ’ बनता है, जब (अ,आ) के साथ (ऋ) हो तो ‘अर्’ बनता है तो यह गुण संधि कहलाती है। जैस: पर + उपकार = परोपकार

14. नैतिक शिक्षा पर आधारित निम्नलिखित प्रश्नों के उत्तर दिए गए अंकों के अनुसार उपयुक्त शब्दों में दीजिए। (2 + 2 = 4 अंक)
(क) भगवान् श्रीकृष्ण ने अर्जुन को सांकेतिक भाषा में क्या समझाया?
उत्तर – भगवान् श्रीकृष्ण ने अर्जुन को सांकेतिक भाषा में समझाया कि यदि मनुष्य का हृदय दुर्बल हो जाता है, तब महाबलशाली पुरुष भी कमजोर पड़ जाता है। कमजोर हृदय या मन के कारण ही शरीर भी लड़खड़ाने लगता है। अतः उसे अपने हृदय की दुर्बलता त्यागकर युद्ध करना चाहिए।

(ख) आत्म-अनुशासन के द्वारा मनुष्य अपने जीवन को किस प्रकार सफल बना सकता है?
उत्तर – ‘आत्म-अनुशासन’ शब्द का अर्थ है- स्वयं पर अनुशासन या नियंत्रण। यदि मनुष्य अपने मन एवं अन्य इन्द्रियों का केवल सदुपयोग करता है और बुराई की दशा में उन पर नियंत्रण रखता है, तब इसे आत्म-अनुशासन कहा जाता है। आत्म-अनुशासन के बल पर ही मनुष्य कुसंगति से बच सकता है, हानिकारक पदार्थों का सेवन करने से बच सकता है। वह अपने मन को एकाग्र करके अपने लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए अपनी पूरी शक्ति व ऊर्जा लगा देता है। इस प्रकार आत्म-अनुशासन के द्वारा मनुष्य अपने जीवन को सफल बना सकता है।