HBSE Class 10 Physical Education Pre-Board Question Paper 2026 Answer Key

HBSE Class 10 Physical Education Pre-Board Question Paper 2026 Answer Key

SECTION – A (1 Mark)

1. निम्नलिखित में से कौन एक कीटनाशक है?
(A) कुनैन
(B) क्रोसिन
(C) डी.डी.टी.
(D) इनमें से कोई नहीं
उत्तर – (C) डी.डी.टी

2. भारत में दूसरी बार एशियाई खेल कब आयोजित किए गए?
(A) 1980
(B) 1982
(C) 1984
(D) 1986
उत्तर – (B) 1982

3. प्रोटीन निम्नलिखित में से क्या है?
(A) रासायनिक यौगिक
(B) अकार्बनिक यौगिक
(C) कार्बनिक यौगिक
(D) इनमें से कोई नहीं
उत्तर – (C) कार्बनिक यौगिक

4. हमारे राष्ट्रीय चिन्ह में कितने शेर दिखाई देते हैं?
(A) 2
(B) 4
(C) 3
(D) 5
उत्तर – (C) 3 (राष्ट्रीय चिन्ह में कुल 4 शेर हैं, लेकिन सामने से केवल 3 ही दिखाई देते हैं)

5. घुटने की हड्डी का नाम क्या है?
(A) फीमर
(B) वर्टिबरा
(C) पेटेला
(D) टिबिया
उत्तर – (C) पेटेला

6. रंगास्वामी कप की शुरुआत कब हुई ?
(A) 1920
(B) 1924
(C) 1942
(D) 1928
उत्तर – (D) 1928

7. सबसे लंबी दौड़ ………… है।
उत्तर – मैराथन (42.195 किलोमीटर)

8. पांच इवेंट वाली खेलों को ………….. कहा जाता है।
उत्तर – पेंटाथलॉन

9. फोगाट बहने ………….. खेल के लिए प्रसिद्ध है।
उत्तर – कुश्ती

10. संतोष ट्रॉफी का नाम किसके नाम पर पड़ा।
उत्तर – सर मन्मथ नाथ रॉय चौधरी (संतोष के महाराजा)

11. HIV का पूरा नाम क्या है?
उत्तर – Human Immunodeficiency Virus (ह्यूमन इम्यूनोडेफिशिएंसी वायरस)

12. सबसे पहला राजीव गांधी खेल रत्न पुरस्कार किसे दिया गया।
उत्तर – विश्वनाथन आनंद

13. अभिकथन (A) : अधिक पेड़ लगाना पर्यावरण को स्वच्छ बनाए रखता है।
कारण (R) : प्रदूषण का मुख्य कारण जनसंख्या वृद्धि और औद्योगीकरण है।
(A) A और R दोनों सही हैं, और R, A की सही व्याख्या है।
(B) A और R दोनों सही हैं, लेकिन R, A की सही व्याख्या नहीं है।
(C) A सही है, लेकिन R गलत है।
(D) A गलत है, लेकिन R सही है।
उत्तर – (B) A और R दोनों सही हैं, लेकिन R, A की सही व्याख्या नहीं है।

14. अभिकथन (A) : भारत में महिलाओं की सुरक्षा भी खेलों में उनकी कम भागीदारी का एक कारण है।
कारण (R) : खेल महिलाओं की सामाजिक और आर्थिक स्थिति को बढ़ावा देते हैं।
(A) A और R दोनों सही हैं, और R, A की सही व्याख्या है।
(B) A और R दोनों सही हैं, लेकिन R, A की सही व्याख्या नहीं है।
(C) A सही है, लेकिन R गलत है।
(D) A गलत है, लेकिन R सही है।
उत्तर – (B) A और R दोनों सही हैं, लेकिन R, A की सही व्याख्या नहीं है।

15. अभिकथन (A) : विटामिन डी पानी में घुलनशील विटामिन है।
कारण (R) : विटामिन डी की कमी से रिकेट्स रोग होता है।
(A) A और R दोनों सही हैं, और R, A की सही व्याख्या है।
(B) A और R दोनों सही हैं, लेकिन R, A की सही व्याख्या नहीं है।
(C) A सही है, लेकिन R गलत है।
(D) A गलत है, लेकिन R सही है।
उत्तर – (D) A गलत है, लेकिन R सही है।

SECTION – B (2 Marks)

16. कुपोषण से क्या तात्पर्य है?
उत्तर – कुपोषण से तात्पर्य शरीर में पोषक तत्वों की कमी, अधिकता, या असंतुलन के कारण होने वाली स्थिति से है, जो शारीरिक और मानसिक विकास को प्रभावित करती है। यह एक ऐसी अवस्था है जिसमें व्यक्ति को उसके शरीर की आवश्यकता के अनुसार पर्याप्त पोषण नहीं मिल पाता या अत्यधिक पोषण प्राप्त होता है।

17. अर्जुन पुरस्कार में क्या-क्या प्रदान किया जाता है?
उत्तर – अर्जुन पुरस्कार में एक अर्जुन की कांस्य प्रतिमा, एक प्रशस्ति पत्र तथा ₹15 लाख की नकद राशि दी जाती है। यह पुरस्कार भारत सरकार द्वारा खिलाड़ियों को खेल के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रदान किया जाता है। इसकी शुरुआत 1961 में हुई थी और यह भारत का दूसरा सबसे बड़ा खेल सम्मान है।

18. संक्रामक रोग कैसे फैलते हैं?
उत्तर – संक्रामक रोग वे रोग होते हैं जो एक व्यक्ति से दूसरे व्यक्ति में सीधे या परोक्ष रूप से फैलते हैं। ये रोग मुख्यतः सूक्ष्मजीवों जैसे बैक्टीरिया, वायरस, कवक और प्रोटोजोआ के कारण होते हैं। ये सूक्ष्मजीव शरीर में प्रवेश कर संक्रमण फैलाते हैं और रोग उत्पन्न करते हैं, इसलिए इन्हें संचारी रोग भी कहा जाता है।

19. अनैच्छिक मांसपेशियों से आपका क्या अभिप्राय है?
उत्तर – अनैच्छिक पेशी वह मांसपेशी होती है जिसकी गति मनुष्य की इच्छा पर निर्भर नहीं होती। ये पेशियाँ स्वतः कार्य करती हैं और पाचन क्रिया, रक्त संचार तथा हृदय की धड़कन जैसे शरीर के आंतरिक कार्यों को नियंत्रित करती हैं। ये पेशियाँ स्वायत्त तंत्रिका तंत्र द्वारा नियंत्रित होती हैं और शरीर के आंतरिक अंगों की नियमित व निरंतर क्रियाओं में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।

20. राष्ट्रीय गान की धुन बजाने के दो अवसर बताएं।
उत्तर – भारतीय राष्ट्रीय गान (जन गण मन) की धुन मुख्य रूप से दो अवसरों पर बजाई जाती है :
(i) गणतंत्र दिवस (26 जनवरी) और स्वतंत्रता दिवस (15 अगस्त) जैसे राष्ट्रीय पर्वों पर ध्वजारोहण के समय।
(ii) राष्ट्रपति या राज्यपाल के किसी औपचारिक सरकारी समारोह में उनके आगमन या विदाई के समय।

21. संतोष ट्रॉफी पर एक नोट लिखिए।
उत्तर –संतोष ट्रॉफी भारत की एक प्रमुख राष्ट्रीय फुटबॉल प्रतियोगिता है, जो कूच बिहार के महाराजा संतोष के नाम पर प्रदान की गई थी। इसकी शुरुआत वर्ष 1941 में हुई और इसका आयोजन प्रतिवर्ष अखिल भारतीय फुटबॉल महासंघ (AIFF) के अंतर्गत किया जाता है। इसमें भारत के विभिन्न राज्यों तथा रेलवे और सेना जैसी सरकारी संस्थानों की टीमें भाग लेती हैं, और बंगाल ने इसे सर्वाधिक बार जीता है, जबकि पंजाब ने पहली बार 1970 में यह ट्रॉफी जीती।

SECTION – C (3 Marks)

22. कार्बोहाइड्रेट से आप क्या समझते हैं? इनके स्रोतों का वर्णन कीजिए।
उत्तर – कार्बोहाइड्रेट शरीर को ऊर्जा प्रदान करने वाले अत्यंत महत्वपूर्ण पोषक तत्व होते हैं और इन्हें ऊर्जा का प्रमुख स्रोत माना जाता है। ये तत्व कार्बन, हाइड्रोजन तथा ऑक्सीजन से बने होते हैं और शरीर में पचकर ग्लूकोज में परिवर्तित हो जाते हैं, जिससे दैनिक शारीरिक गतिविधियों और मांसपेशीय कार्यों के लिए शक्ति मिलती है। कार्बोहाइड्रेट के स्रोतों में गेहूँ, चावल और मक्का जैसे अनाज, आलू व शकरकंद, फल, सब्जियाँ, शक्कर, गुड़, शहद तथा दूध और दूध से बने पदार्थ शामिल हैं।

23. राष्ट्रीय गान गाते समय किन-किन बातों का ध्यान रखना चाहिए?
उत्तर – राष्ट्रीय गान गाते या बजते समय कुछ महत्वपूर्ण बातों का विशेष ध्यान रखना चाहिए। सभी व्यक्तियों को सावधान मुद्रा में सीधे खड़े रहना चाहिए और राष्ट्रगान के प्रति पूर्ण सम्मान प्रकट करना चाहिए। राष्ट्रगान का गायन या वादन पूर्ण संस्करण में 52 सेकंड में तथा शब्दों के शुद्ध और स्पष्ट उच्चारण के साथ किया जाना चाहिए। गान के दौरान बातचीत, इधर-उधर देखना, चलना-फिरना, मोबाइल का प्रयोग, खाना-पीना या किसी भी प्रकार की अनुशासनहीनता नहीं करनी चाहिए। बंद स्थानों जैसे सिनेमा हॉल में भी सावधान खड़े रहना आवश्यक है, हालांकि शारीरिक रूप से असमर्थ व्यक्तियों को बैठने की अनुमति होती है। समूह में होने पर राष्ट्रगान सामूहिक रूप से गाया जाना चाहिए।

24. एशियाई खेलों पर संक्षिप्त नोट लिखें।
उत्तर – एशियाई खेल (Asiad/Asian Games) एशिया की सबसे बड़ी बहु-खेल प्रतियोगिता है और ओलंपिक के बाद दुनिया का दूसरा सबसे बड़ा खेल आयोजन माना जाता है। इन खेलों का आयोजन प्रत्येक चार वर्ष में एशियाई ओलंपिक परिषद (OCA) के तहत किया जाता है और इसका उद्देश्य एशियाई देशों के बीच दोस्ती और सहयोग बढ़ाना है। पहला खेल 1951 में नई दिल्ली में आयोजित हुआ, जिसमें 11 देशों ने भाग लिया। भारत ने 1951 और 1982 में मेजबानी की। इन खेलों में एथलेटिक्स, तैराकी, हॉकी, कबड्डी, बैडमिंटन आदि खेल शामिल हैं। प्रतीक चिन्ह उगते सूरज के साथ जुड़े छल्ले हैं और ध्येय वाक्य “सदैव प्रगतिशील” है। प्रत्येक खेल में स्वर्ण, रजत और कांस्य पदक दिए जाते हैं।

25. लीग प्रणाली क्या होती है? इसके लाभ और हानियों का वर्णन करें।
उत्तर – लीग प्रणाली (राउंड रॉबिन टूर्नामेंट) वह प्रतियोगिता प्रणाली है, जिसमें भाग लेने वाली प्रत्येक टीम अन्य सभी टीमों के साथ कम से कम एक बार अवश्य खेलती है और विजेता का निर्धारण कुल अंकों के आधार पर किया जाता है। इसके लाभ यह हैं कि सभी टीमों को समान अवसर मिलता है, अधिक मैचों के कारण सर्वश्रेष्ठ टीम का चयन निष्पक्ष रूप से होता है तथा खिलाड़ियों को अपना कौशल सुधारने का अवसर मिलता है। इसकी हानियाँ यह हैं कि इसमें अधिक समय और खर्च लगता है, अधिक मैचों के कारण खिलाड़ी थक सकते हैं तथा कुछ मैच विजेता तय होने के बाद औपचारिक हो जाते हैं।

26. विटामिन से क्या तात्पर्य है? ये कितने प्रकार के होते हैं?
उत्तर – विटामिन ऐसे जैविक यौगिक होते हैं जो शरीर के विकास, रखरखाव और सही कार्यप्रणाली के लिए आवश्यक होते हैं। ये सूक्ष्म पोषक तत्व हैं, जो शरीर को ऊर्जा नहीं देते, लेकिन विभिन्न जैव-रासायनिक और शारीरिक क्रियाओं के संचालन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। शरीर सामान्यतः विटामिन का निर्माण स्वयं नहीं कर पाता, इसलिए इन्हें आहार के माध्यम से प्राप्त करना आवश्यक होता है। विटामिन मुख्यतः दो प्रकार के होते हैं: वसा में घुलनशील विटामिन (A, D, E, K), जो वसा और यकृत में संग्रहित हो जाते हैं, तथा पानी में घुलनशील विटामिन (B समूह और C), जो शरीर में संग्रहित नहीं होते और नियमित रूप से आहार में लेने पड़ते हैं।

27. राष्ट्रीय खेल पुरस्कारों के महत्व पर प्रकाश डालिए।
उत्तर – राष्ट्रीय खेल पुरस्कारों का खेल जगत में विशेष महत्त्व है, क्योंकि ये खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों और खेल संस्थाओं को उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन, समर्पण और योगदान के लिए सम्मानित करते हैं। ऐसे पुरस्कार खिलाड़ियों में आत्मविश्वास और प्रतिस्पर्धा की भावना को बढ़ाते हैं तथा युवा प्रतिभाओं को खेलों में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करते हैं। इसके साथ ही राष्ट्रीय खेल पुरस्कार देश में खेल संस्कृति के विकास, शारीरिक फिटनेस के प्रोत्साहन और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत की खेल उपलब्धियों को पहचान दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

SECTION – D (5 Marks)

28. खेलकूद का महिलाओं के लिए क्या महत्त्व है? विस्तृत वर्णन कीजिए।
उत्तर – खेलकूद का महिलाओं के जीवन में बहुत महत्व है। प्राचीन काल में महिलाओं के लिए खेलकूद के महत्व को नकारा जाता था। लेकिन समय के साथ साथ समाज की सोच में परिवर्तन होता गया।
• खेलकूद का महिलाओं के लिए महत्त्व निम्नलिखित है :
(i) खेलों में भाग लेने से महिलाओं में आत्म विश्वास और आत्म सम्मान की भावना भी जागृत होती है।
(ii) खेलकूद में भाग लेने से महिलाओं की वृद्धि और विकास उचित होता है। इससे वे हृष्ट-पुष्ट होती है, जिससे वे अपने जीवन के दैनिक कार्यों को अधिक कुशलतापूर्वक कर सकती है।
(iii) खेलों में भाग लेने से महिलाओं के मानसिक विकास में बढ़ोतरी होती है।
(iv) खेलकूद में भाग लेने से महिलाओं में सहनशीलता का विकास भी होता है।
(v) खेलकूद महिलाओं में अच्छे चरित्र का विकास करने में भी सहायक होते हैं।
(vi) खेलों में भाग लेने से दबाव, तनाव, अवसाद व चिन्ताओं आदि से छुटकारा मिल जाता है।
(vii) खेलकूद में भाग लेने से अनेक सामाजिक गुणों जैसे सहयोग, सहानुभूति, वफादारी, दयालुता, एकता, ईमानदारी, आज्ञाकारिता, आपसी लगाव व हार जीत को स्वीकार करने की अभिवृत्ति आदि का विकास होता है।
(viii) महिलाओं को प्रायः मोटापे की समस्या होती है। खेलकूद में भाग लेने से मोटापे को नियंत्रित किया जा सकता है।
(ix) खेलों में भाग लेने से सामान्य स्वास्थ्य विकारों जैसे मधुमेह, पाचन सम्बन्धी विकार, आसन सम्बन्धी दोष व ग्रन्थियों से सम्बन्धित विकार आदि में सुधार होता है।
(x) खेलकूद महिलाओं में नेतृत्व के गुणों का विकास कर उनकी इच्छा शक्ति को दृढ़ करते हैं।

29. संतुलित आहार क्या है? संतुलित आहार के आवश्यक घटकों का वर्णन करो।
उत्तर – संतुलित आहार वह आहार है जिसमें सभी आवश्यक पोषक तत्व (जैसे कार्बोहाइड्रेट, प्रोटीन, वसा, विटामिन, खनिज, पानी और फाइबर) उचित मात्रा में होते हैं। यह शरीर को ऊर्जा प्रदान करता है, विकास और मरम्मत में सहायता करता है, और रोगों से लड़ने के लिए प्रतिरक्षा प्रणाली को मजबूत करता है। संतुलित आहार लेने से शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य दोनों बेहतर रहते हैं और शरीर सक्रिय और तंदुरुस्त रहता है।
• संतुलित भोजन के आवश्यक घटक :
(i) कार्बोहाइड्रेट – यह शरीर का मुख्य ऊर्जा स्रोत है। इससे मांसपेशियों और मस्तिष्क को सक्रिय रहने की शक्ति मिलती है। पर्याप्त कार्बोहाइड्रेट से शरीर थकता नहीं है और दैनिक कार्य आसानी से किए जा सकते हैं। प्रमुख स्रोत: चावल, गेहूं, रोटी, आलू।
(ii) प्रोटीन – प्रोटीन शरीर के ऊतक निर्माण, वृद्धि और क्षतिग्रस्त कोशिकाओं की मरम्मत में सहायक है। यह प्रतिरक्षा प्रणाली को मजबूत बनाकर रोगों से बचाव करता है। प्रमुख स्रोत: दाल, अंडा, दूध, मांस, पनीर।
(iii) वसा – वसा ऊर्जा का भंडार है और शरीर के अंगों को सुरक्षा प्रदान करती है। यह शरीर में आवश्यक विटामिन के अवशोषण में मदद करती है और तापमान बनाए रखने में सहायक होती है। प्रमुख स्रोत: घी, तेल, मक्खन, मेवे।
(iv) विटामिन और खनिज – ये शरीर के सभी कार्यों को सुचारु रूप से चलाने, हड्डियों और दांतों के स्वास्थ्य बनाए रखने, रक्त निर्माण और प्रतिरक्षा क्षमता बढ़ाने के लिए जरूरी हैं। प्रमुख स्रोत: हरी सब्जियाँ, फल, दूध, अंडा।
(v) पानी – पानी शरीर में पोषक तत्वों के परिवहन, अपशिष्ट पदार्थों को बाहर निकालने और शरीर के तापमान को नियंत्रित करने में मदद करता है। यह हर कोशिका और अंग के लिए आवश्यक है।
(vi) फाइबर – फाइबर पाचन तंत्र को स्वस्थ रखता है, कब्ज जैसी समस्याओं से बचाता है और भोजन को आसानी से पचाने में मदद करता है। प्रमुख स्रोत: फल, सब्जियाँ, दलहन।

30. प्रदूषण किसे कहते हैं? विभिन्न प्रकार के प्रदूषणों का विस्तार पूर्वक वर्णन करो।
उत्तर – प्रदूषण वह स्थिति है जब पर्यावरण के किसी भी घटक (जैसे वायु, जल या मिट्टी) के भौतिक, रासायनिक या जैविक गुणों में अवांछनीय परिवर्तन आ जाता है, जिसका मुख्य कारण हानिकारक पदार्थों, गैसों या अपशिष्टों का मिलना होता है। यह परिवर्तन मनुष्य, जीव-जंतुओं, पौधों और सम्पूर्ण पारिस्थितिक तंत्र पर नकारात्मक प्रभाव डालता है और पर्यावरण को अस्वच्छ तथा जीवन के लिए हानिकारक बना देता है।
• प्रदूषण के प्रमुख प्रकार :
(i) वायु प्रदूषण – वायु में धूल, धुआँ, हानिकारक गैसें (जैसे कार्बन मोनोऑक्साइड, सल्फर डाइऑक्साइड, नाइट्रोजन ऑक्साइड आदि) का अत्यधिक मिश्रण वायु प्रदूषण कहलाता है। यह मुख्य रूप से वाहनों, उद्योगों, कोयला और डीज़ल जलाने तथा कृषि रसायनों के प्रयोग से फैलता है। इसके परिणामस्वरूप श्वसन रोग, अस्थमा, आँखों में जलन, अम्लीय वर्षा, ओज़ोन परत की हानि और जलवायु परिवर्तन जैसी समस्याएँ उत्पन्न होती हैं।
(ii) जल प्रदूषण – जब घरेलू गंदा पानी, औद्योगिक रासायनिक अपशिष्ट, कीटनाशक और तेल आदि नदियों, तालाबों या भूजल में मिल जाते हैं, तो जल प्रदूषण होता है। इसके कारण जल पीने योग्य नहीं रहता, मछलियाँ व अन्य जलजीव नष्ट हो जाते हैं, तथा हैजा, टाइफाइड, पेचिश जैसे जलजनित रोग फैलते हैं।
(iii) ध्वनि प्रदूषण – जब ध्वनि का स्तर प्राकृतिक सीमा से अधिक हो जाता है और वह मानव तथा जीव-जंतुओं के स्वास्थ्य पर विपरीत प्रभाव डालता है, तो ध्वनि प्रदूषण कहा जाता है। यह प्रायः ट्रैफिक, हवाई जहाज, लाउडस्पीकर, निर्माण कार्य और औद्योगिक मशीनों से उत्पन्न होता है। इसके परिणामस्वरूप सुनने की क्षमता में कमी, नींद की समस्या, मानसिक तनाव और रक्तचाप की वृद्धि होती है।
(iv) भूमि प्रदूषण – भूमि में हानिकारक रसायनों, प्लास्टिक, औद्योगिक कचरे या कीटनाशकों के अत्यधिक प्रयोग से मिट्टी की गुणवत्ता और उर्वरता घट जाती है, जिसे भूमि प्रदूषण कहते हैं। इससे फसलों की उत्पादन क्षमता कम होती है, मिट्टी विषैली बनती है और भूमिगत जल भी प्रदूषित हो जाता है।